योग: जानकारी और सुझाव

योग: जानकारी और सुझाव

रिया मेरी सहकर्मी दो दिनों से ऑफिस नहीं आ रही थी। शाम को घर जाते वक्त सोचा उससे मिलती चलूँ। जाकर देखा तो उसकी कमर अकड़ी पड़ी थी। चलना तो दूर उठना बैठना भी मुश्किल हो रहा था। बातों बातों में पता चला कि अभी एक हफ्ते पहले से ही वो योग क्लास जाने लगी थी। गार्डन के उबड़ खाबड़ जमीन में तो कभी सोसाइटी के बेसमेंट में इनकी कक्षा चलती है। नये सदस्य जिनके पास खुद का मैट नहीं होते उनको गद्दे दिये जाते थे। पैंतीस चालीस सदस्य होने के कारण योग गुरू सभी पर ठीक से ध्यान नहीं दे पाते थे। जिसके कारण उसने गलत तरीके से योगासन किये और कमर में दर्द हो गया। मै एक साल से योग कर रही थी तो मैने योग करते समय अपनाने वाले सामान्य नियम उसे बताए।

योग करने से पहले ध्यान देने योग्य बातें

  1. योग करने का सबसे अच्छा समय सुबह खाली पेट है, परन्तु आप अपनी सुविधानुसार किसी भी समय कर सकते है पर खाना खाने के ४ घंटे बाद।
  2. योग हमेशा खुली हवादार जगह पर करनी चाहिए। योग करते समय ध्यान रहे कि नीचे जमीन ऊँची नीची न हो, योगा मैट का प्रयोग करें। अगर मैट नहीं है तो दरी का इस्तेमाल भी कर सकते है परन्तु गद्दे या नरम सतह वाली चीज का प्रयोग न करें।
  3.  योग करते समय ढीले ढाले कपड़ो पहने और ज्वेलरी, घड़ी का उपयोग न करें तो बेहतर होगा।
  4.  योग क्लास में शामिल हो रहे है तो ध्यान रहे कि वहाँ सदस्य कम हो और योग गुरू हर एक सदस्य पर ध्यान दे रहे हो।
  5. मासिक धर्म के समय और गर्भवती महिला को विशेषज्ञ की सलाह पर ही योग करना चाहिए।

योग करते समय ध्यान देने वाली बातें

  1. योग सिर्फ शारीरिक ही नहीं मानसिक प्रक्रिया भी है। अतः योग करने से पहले मन को शांत करें।
  2. योग अभ्यास करते समय साँस लेने और छोड़ने पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
  3. योग करते समय साँसो की गति और शरीर की क्रियाओं का तालमेल सही प्रकार से हो।
  4. योगासनों को धीरे धीरे शुरू करना चाहिए। सरलव्यायाम से शुरूआत करें।
  5. व्यायाम को करते समय हड़बड़ी न करें। आराम से एक एक क्रम में करें।
  6. योग करते समय पद्मासान में या सिद्धासान में बैठना चाहिए।
  7. कमर सीधी होनी चाहिए।
  8. किसी भी आसन को करते समय कम से कम ३० सेकेंड उस अवस्था में रूके।
  9. हर रोज योग करने की आदत डालिए।
  10. किसी भी आसन को करते समय यदि आपको दर्द हो या चक्कर आते हो तो उसे न करें।

योग एक पूर्ण प्रक्रिया है। यह साँसों की गति को नियंत्रित करके मन, मस्तिष्क तथा शरीर को स्वस्थ रखने की क्रिया हैं.योग अभ्यास करने से शरीर लचीला, शक्तिशाली तथा उर्जावान बनता है। योगाभ्यास से तनाव, डिप्रेशन भी दूर होते है। योगासन तन तथा मन दोनों को तंदरूस्त बनाते है। थोड़ी सतर्कता के साथ यदि योग किया जाए तो इसके अनगिनत फायदे है।

Soma Sur

A mother of two lovely boys. An educationists by profession. An artist by nature. Always interested in creative side of everything. Reading is my passion and writing is my expression.